हरिद्वार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बृहस्पतिवार को हरिद्वार के सलेमपुर चौक स्थित ऑल ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन उत्तराखंड के प्रदेश कार्यालय पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दोनों महान विभूतियों को याद करते हुए उनके योगदान को सम्मानित किया गया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों और वरिष्ठ ट्रांसपोर्टरों ने हिस्सा लिया। प्रदेश अध्यक्ष हाजी मुस्तफा ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने बताया कि गांधीजी ने अहिंसा को सबसे बड़ी शक्ति के रूप में स्थापित किया, जो विश्व भर में शांति और एकता का प्रतीक बना। वहीं, जिलाध्यक्ष रियाज अहमद ने लाल बहादुर शास्त्री के सादगी भरे जीवन और उनके प्रसिद्ध नारे “जय जवान, जय किसान” की चर्चा की। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का यह नारा आज भी देश के जवानों और किसानों के सम्मान को दर्शाता है और समाज को एकजुट करने का संदेश देता है।
कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए गए और उनके चलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही, केक काटकर गांधीजी और शास्त्रीजी का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित संगठन के पदाधिकारियों ने उनके बलिदान और विचारों को याद करते हुए समाज में शांति, एकता और अनुशासन बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
प्रदेश अध्यक्ष हाजी मुस्तफा ने आगे कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी के विचार समय की सीमाओं से परे हैं। उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को देश सेवा और समाज कल्याण के लिए प्रेरित करते रहेंगे। जिलाध्यक्ष रियाज अहमद ने कहा कि इन महान नेताओं के दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम एक मजबूत और समृद्ध भारत का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष नसीम अहमद, प्रदेश सचिव तौसीफ, प्रदेश कोषाध्यक्ष जाने आलम, प्रदेश प्रतिनिधि मोहम्मद नदीम, जिला सचिव सुहेल सिमना, प्रदेश सलाहकार मोहम्मद उमर, पूर्व जिला अध्यक्ष जुनैद गनी, प्रदेश महामंत्री जावेद, ट्रांसपोर्टर कमरूज्जमा, मुन्तसीब, मोहम्मद नोमान, गुड्डू पाशा, शाहनवाज, मोहम्मद आरिफ, सद्दाम हुसैन, आलम मुकेश, आशीष सहित अन्य ट्रांसपोर्टर मौजूद रहे।
हरिद्वार में गांधी जयंती और शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित, (हरिद्वार)-दीपक मौर्य-
