हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मां चंडीदेवी मंदिर परिसर में दो खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। छह घंटे की कार्रवाई में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
मां चंडीदेवी कैंटीन रेस्टोरेंट में 20 किलो खुला लाल मिर्च पाउडर, 12 किलो सूजी, 13 किलो बेसन, 10 किलो उड़द दाल, 32 किलो धनिया पाउडर, सात किलो मसूर दाल और दो किलो वनस्पति घी में कीड़े पाए गए। ये सामग्री अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी थी, जिसे नष्ट कर दिया गया। स्टोर, किचन और सर्विस एरिया में चूहे और मकड़ी के जाले भी मिले।
मां चंडीदेवी जूस एवं रेस्टोरेंट में फ्रिज में गंदगी, कीड़े और कच्चे-पके खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। स्टोर और निर्माण स्थल की फर्श व दीवारें कच्ची थीं, जहां कीड़े रेंगते मिले। दोनों प्रतिष्ठानों के पास खाद्य सुरक्षा दस्तावेज, पानी की रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल और इनवॉइस रिकॉर्ड नहीं थे।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी और दिलीप जैन ने बताया कि दोनों रेस्टोरेंट सील कर सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। विभाग ने श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता बताते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
प्रशासन सख्त : चंडीदेवी मंदिर परिसर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो रेस्टोरेंट सील, (हरिद्वार)-दीपक मौर्य-
