हरिद्वार। पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार त्रिवेंद्र सिंह रावत रविवार शाम भाजपा के अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष रहे संजय सिंह के जगजीतपुर राजा गार्डन निवास पर पहुंचे। उन्होंने परिवार का हाल जाना और ढांढस बंधाया। बता दें कि 13 मार्च को एक सड़क दुर्घटना में संजय सिंह की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। उनके साथ कार में सवार पत्नी व दोनो बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने परिवार के सदस्यों से बात की तथा उन्हें आश्वासन दिया कि भाजपा परिवार के साथ है, तथा हर संभव मदद करेगी।
इस बीच मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मृतक संजय की पत्नी और बेटियों के इलाज के लिए सात लाख की धनराशि स्वीकृत हो गई है। इसमें कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 15 मार्च को मृतक संजय की तेरहवीं में पहुंची कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने पीड़ितों का दर्द देखा था। उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर परिवार की आर्थिक मदद की अपील की थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घायलों के इलाज के लिए सात लाख की धनराशि स्वीकृत कर दी है।
रविवार शाम परिवार का दुःख दर्द जानने आए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से भी परिवार के सदस्यों ने पालन पोषण की गुहार लगाई है। उनके भाई मनोज कुमार ने टीएस रावत को परिवार की मदद के लिए एक प्रार्थना पत्र दिया। मृतक संजय सिंह का बेटा काफी रो रहा था। जिसे रावत ने गले से लगाकर चुप कराया। त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ पूर्व मंत्री नगर विधायक मदन कौशिक, जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, भाजपा नेता विशाल गर्ग, पार्षद मनोज प्रालिया, विकास तिवारी, जिला पंचायत सदस्य दर्शना सिंह, बसपा जिला महासचिव राजदीप मैनवान, वरिष्ठ पत्रकार नवीन चौहान, राजबीर कलानिया आदि मौजूद रहे।