हरिद्वार। उत्तराखंड में गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप के खिलाफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन महारा की टिप्पणी को लेकर लक्सर के शिव चौक पर भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने करन महारा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। भीम आर्मी ने करन महारा की टिप्पणी को कांग्रेस की तुच्छ मानसिकता का प्रतीक बताया और मांग की कि उन्हें तत्काल पद से हटाया जाए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि करन महारा ने आईजी राजीव स्वरूप से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
भीम आर्मी कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी निंदनीय है और यह कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को इसकी कीमत चुकानी पड़ सकती है। प्रदर्शन के दौरान लक्सर की सड़कों पर कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखा गया। भीम आर्मी ने स्पष्ट किया कि जब तक माफी नहीं मांगी जाती, उनका आंदोलन तेज होगा। इस प्रदर्शन ने स्थानीय स्तर पर व्यापक चर्चा को जन्म दिया है।