उत्तराखंड। नेपाल में हाल ही में फैली हिंसा के बाद भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए कुमाऊं की पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रिद्धिम अग्रवाल ने सीमांत खटीमा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खटीमा कोतवाली में जनता दरबार आयोजित कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए जनता व जनप्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए। जनता दरबार में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए आईजी अग्रवाल ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
आईजी ने मीडिया को बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका यथासंभव शीघ्र निवारण करना है। उन्होंने नेपाल के मौजूदा हालातों पर भी प्रकाश डाला और कहा कि वहां की अस्थिर स्थिति को देखते हुए भारतीय सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। सीमांत क्षेत्र की सभी पुलिस चौकियां हाई अलर्ट पर हैं और यह सतर्कता तब तक बरकरार रहेगी, जब तक नेपाल में स्थिति सामान्य नहीं हो जाती।
आईजी के इस दौरे से न केवल स्थानीय लोगों को अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिला, बल्कि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए
नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, आईजी ने सुनी जन समस्याएं, (उत्तराखंड)-दीपक मौर्य-
