पुलिस लाइन रोशनाबाद में एसएसपी ने ली जवानों की परेड, फिटनेस और अनुशासन पर दिया जोर, (हरिद्वार)-दीपक मौर्य-

हरिद्वार। शुक्रवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद में प्रातःकालीन परेड का आयोजन हुआ, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने हिस्सा लिया। परेड में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात पुलिस और जवान शामिल हुए। एसएसपी को सलामी देने के बाद जवानों ने हथियारों के साथ परेड मैदान में दौड़ लगाई और ड्रिल का अभ्यास किया। इस दौरान एसएसपी ने जवानों के साथ दौड़ में हिस्सा लेते हुए फिटनेस और अनुशासन पर विशेष जोर दिया।

परेड के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन मैस सहित अन्य सुविधाओं का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) को जवानों के लिए स्वादिष्ट और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही, क्षेत्राधिकारी और आरआई को परेड में अधिक से अधिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि सभी की फिटनेस बनी रहे। परिसर में कमियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सुधार करने के आदेश दिए गए।

पुलिस विभाग में शुक्रवार की परेड का विशेष महत्व है। इस दिन पुलिस मुखिया जवानों के शस्त्र अभ्यास और ड्रिल का निरीक्षण करते हैं, उनकी समस्याओं को सुनते हैं और समाधान का प्रयास करते हैं। पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कमियों को दूर करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *