हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार ने भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के गंभीर आरोपों के बाद खाद्य विभाग के दो वरिष्ठ अधिकारियों पर कड़ा एक्शन लिया है। हरिद्वार में जिला आपूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रवि सनवाल को उनके पदों से हटाकर मुख्यालय और ऊधम सिंह नगर अटैच कर दिया गया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों पर कोरोना काल में राशन डीलरों के भुगतान के बदले रिश्वत लेने और जिला आपूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोप थे। फेडरेशन के अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कश्यप और राशन डीलर सतेंद्र कुमार ने इनकी शिकायत कैबिनेट मंत्री से की थी और अधिकारियों के स्थानांतरण की मांग उठाई थी। हालांकि, स्थानांतरण नहीं होने पर शिकायतकर्ताओं को कोर्ट का रुख करना पड़ा।